Sudan : अर्धसैनिक बल का खौफनाक हमला, बाजार में 54 लोगों की हत्या, 158 घायल

अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह मिलिशिया के काले इतिहास में एक और जघन्य अपराध जोड़ता है।

Sudan : अर्धसैनिक बल का खौफनाक हमला, बाजार में 54 लोगों की हत्या, 158 घायल
Sudan : अर्धसैनिक बल का खौफनाक हमला, बाजार में 54 लोगों की हत्या, 158 घायल

अंतराष्ट्रीय, जनजागरुकता डेस्क। सूडान में सेना के खिलाफ लड़ रहे कुख्यात अर्धसैनिक समूह ने ओमदुरमन शहर के एक व्यस्त बाजार में आम नागरिकों पर हमला कर दिया। इस हमले में 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि 158 अन्य घायल हो गए। सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की कि शनिवार को सबरिन मार्केट में रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) द्वारा यह हमला किया गया। हालांकि, RSF की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सरकार ने हमले को बताया जघन्य अपराध

सूडान के संस्कृति मंत्री और सरकार के प्रवक्ता खालिद अल-अलीसिर ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, और इस हमले से व्यक्तिगत और सार्वजनिक संपत्तियों को भी भारी नुकसान हुआ। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह मिलिशिया के काले इतिहास में एक और जघन्य अपराध जोड़ता है।

सूडान में जारी है अप्रैल 2023 से हिंसक संघर्ष

सूडान में हिंसा की शुरुआत अप्रैल 2023 में हुई थी, जब सेना और RSF के बीच बढ़ते तनाव ने राजधानी खारतूम समेत कई शहरों को युद्ध के मैदान में बदल दिया। इस संघर्ष में अब तक 28,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, और लाखों लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई क्षेत्रों में भुखमरी की स्थिति बन चुकी है, और कुछ परिवार घास खाकर जिंदा रहने को मजबूर हैं।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय कर रहा युद्ध अपराधों की जांच

संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, इस संघर्ष में जातीय हिंसा, हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने सूडान में कथित युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों की जांच शुरू कर दी है।janjaagrukta.com