छत्तीसगढ़ में आप लड़ेगी अकेले विधानसभा चुनाव- प्रभारी झा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप के प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने कहा प्राकृतिक संपदा पर प्रदेशवासियों का अधिकार है। नगरनार इस्पात बन भी गया तो ये इसे भी अडानी के हवाले कर देंगे।
![छत्तीसगढ़ में आप लड़ेगी अकेले विधानसभा चुनाव- प्रभारी झा](https://janjaagrukta.com/uploads/images/202310/image_750x_651d26afc11d6.jpg)
रायपुर, जनजागरुकता। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। किसी अन्य दल से गठबंधन करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है। कांग्रेस भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर साफ मैसेज दिया है कि हम सभी 90 सीटों पर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। भले ही उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल है पर छत्तीसगढ़ में वो कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ेगी।
आम आदमी पार्टी कांग्रेस को सपोर्ट नहीं करेगी
पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश सरकार चोर दरवाजे से जनता के बीच भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में पार्टी कांग्रेस को सपोर्ट नहीं करेगी। हम छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य प्रदेश और राजस्थान में मजबूती से अकेले चुनाव लड़ रहे हैं। हम पीछे हटने वालों में से नहीं हैं।
..तो प्लांट अडानी के हवाले कर देंगे
उन्होंने कहा कि कांग्रेस-बीजेपी को नगरनार इस्पात प्लांट का शिलान्यास विधानसभा चुनाव के दौरान ही क्यों याद आता है? नगरनार इस्पात बन भी गया तो ये इसे भी अडानी के हवाले कर देंगे। पार्टी यही लड़ाई तो लड़ रही है। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा पर प्रदेशवासियों का अधिकार है।