नेता प्रतिपक्ष Dr. Charandas Mahant का बड़ा बयान – 2028 का चुनाव महाराज की अगुवाई में लड़ेंगे, डिप्टी CM Saw ने किया पलटवार
छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही आक्रामक रणनीति अपनाए हुए हैं। बीजेपी ने प्रदेश के 10 नगर निगमों में जीत का दावा किया है, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 5 से अधिक नगर निगमों में सत्ता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
छत्तीसगढ़, जनजागरूकता। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव नजदीक आ रहे हैं, और इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का अंबिकापुर में एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी की एकजुटता के साथ टी.एस. सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उनके इस बयान के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कांग्रेस नेताओं की बातों पर अब भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले कांग्रेस में ढाई-ढाई साल की सत्ता साझा करने की चर्चा थी, लेकिन वह पूरी नहीं हुई और अब फिर बाबा (टी.एस. सिंहदेव) को कमान सौंपने की बात कही जा रही है।
निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने
छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही आक्रामक रणनीति अपनाए हुए हैं। बीजेपी ने प्रदेश के 10 नगर निगमों में जीत का दावा किया है, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 5 से अधिक नगर निगमों में सत्ता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अंबिकापुर में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ ही पार्टी की एकता पर जोर दिया। मीडिया से चर्चा के दौरान जब उनसे आगामी चुनाव को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा—
"जो कुछ भी हुआ है, वह हमेशा सरगुजा और बस्तर के नेतृत्व में हुआ है। हम सामूहिक नेतृत्व में काम करेंगे और महाराज (टी.एस. सिंहदेव) की अगुवाई में चुनाव लड़ेंगे। निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार बनेगी।"
डॉ. महंत के इस बयान को पार्टी की एकता का संकेत बताया जा रहा है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद से पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव पार्टी के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। ऐसे में महंत के इस बयान को कांग्रेस के भीतर टी.एस. सिंहदेव को फिर से सक्रिय करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव का पलटवार – कांग्रेस नेताओं पर नहीं रहा भरोसा
डॉ. महंत के बयान पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने रायपुर में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि—
"कांग्रेस ने पिछले 5 सालों में टी.एस. बाबा के साथ धोखा किया है। पहले कांग्रेस में ढाई-ढाई साल के सीएम के फॉर्मूले की चर्चा थी, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हुआ। अब फिर से बाबा को कमान देने की बात की जा रही है।"
अरुण साव ने आगे कहा कि अब न तो कांग्रेस के नेता अपनी ही पार्टी के बयानों पर भरोसा कर रहे हैं और न ही जनता उन पर विश्वास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी चरम पर है, और महंत का यह बयान उसी का नतीजा है।
क्या फिर सक्रिय हो रहे हैं टी.एस. सिंहदेव?
महंत के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस का एक गुट टी.एस. सिंहदेव को आगे लाकर 2028 के चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कांग्रेस में सचमुच सिंहदेव की अगुवाई को लेकर कोई नया समीकरण बनता है, या यह केवल चुनावी राजनीति का एक हिस्सा है।janjaagrukta.com