हनुमान मंदिर के सामने मांस बिक्री, विरोध में पार्षदों ने खोला मोर्चा
यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। मंदिर परिसर के आसपास गंदगी फैलाए जाने से माहौल दुर्गन्धयुक्त बना रहता है। भाजपा पार्षदों ने कटघोरा नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखा है।
![हनुमान मंदिर के सामने मांस बिक्री, विरोध में पार्षदों ने खोला मोर्चा](https://janjaagrukta.com/uploads/images/202310/image_750x_65252259cb3a2.jpg)
कटघोरा, जनजागरुकता। (katghora News) धार्मिक स्थल के आसपास मांस विक्रेताओं की वजह से नगर में माहौल खराब हो रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। मंदिर परिसर के आसपास गंदगी फैलाए जाने से माहौल दुर्गन्धयुक्त बना रहता है। अब लोग नाराजगी जाहिर करने लगे हैं। इसके लिए नगर पालिका को दोषी माना जा रहा है।
इसके खिलाफ भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर पालिका परिषद के वार्ड-9, तिलक नगर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के बगल में मछली बाजार लगाकर धार्मिक स्थल का अपमान करने के साथ ही लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया जा रहा है। मामले की शिकायत पार्षदों ने सीएमओ को पत्र प्रेषित कर की है। इस पर तत्काल पहल की मांग की है।
विक्रेताओं को स्वार्थ से मतलब
आपको बता दें कि नगर पालिका परिषद के वार्ड 9, तिलक नगर में गायत्री धर्मशाला के पास दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर स्थित है, जहां लोग पूजा अर्चना करने सुबह-शाम पहुंचते हैं। लेकिन कुछ लोग इस मंदिर के बगल में ही मांस का व्यवसाय करने लगे हैं। उन्हें स्वार्थ से मतलब है। लोगों की भावनाओं का उन्हें खयाल नहीं है। मामले पर नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा पार्षदों ने कटघोरा नगर पालिका परिषद के अधिकारी को पत्र लिखकर मछली विक्रेताओं पर कार्यवाही करते हुए उन्हें हटाने की मांग की है।
जगह निर्धारित फिर भी मंदिर के पास बिक्री
आपको बता दें कि नगर पालिका ने पूर्व से ही वार्ड 8 में मछ्ली विक्रेताओं के लिए जगह सुनिश्चित की हुई है, लेकिन ये सुनिश्चित स्थान को छोड़कर मन्दिर के बगल में मछली बेच रहे हैं जो लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। मछली विक्रेता मंदिर परिसर के आसपास गंदगी फैला रहे हैं जिस कारण से माहौल दुर्गन्ध युक्त हो गया है। लिहाजा भाजपा पार्षद शरद गोयल, अर्चना अग्रवाल, ममता अग्रवाल व उपाध्यक्ष बजरंग पटेल ने सीएमओ को पत्र लिख उचित कार्यवाही की मांग की है।