फिर भड़की मणिपुर में हिंसा- 3 कुकी नागरिकों की मौत, इधर सीबीआई की जांच शुरू

सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। इधर केंद्र से सीबीआई जांच शुरू कर दी गई है। जांच टीम में 29 महिला अफसरों को भी शामिल किया गया है।

फिर भड़की मणिपुर में हिंसा- 3 कुकी नागरिकों की मौत, इधर सीबीआई की जांच शुरू

इंफाल, जनजागरुकता डेस्क। मणिपुर में शुक्रवार सुबह एक बार फिर हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में गोलीबारी के कारण तीन कुकी नागरिकों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने मणिपुर हिंसा की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए 53 अफसरों की टीम बनाई गई है, जिसमें 29 महिला अफसरों को शामिल किया गया है।

पिछले कुछ दिनों की शांति के बाद हिंसाग्रस्त मणिपुर में शुक्रवार सुबह एक बार फिर हिंसा भड़क गई। सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 5.30 बजे उखरुल जिले के लिटन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत थवई कुकी गांव में संदिग्ध मैतेई सशस्त्र बदमाशों और कुकी स्वयंसेवकों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें तीन कुकी लोगों के मारे जाने की खबर है। बीएसएफ सहित सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। क्षेत्र में  तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

गोलीबारी में कुकी स्वयंसेवक मारे गए

बताया जाता कि मैतेई उपद्रवियों ने सबसे पहले गांव के ड्यूटी पोस्ट पर हमला किया, जहां स्वयंसेवक गांव की सुरक्षा के लिए ड्यूटी कर रहे थे। इस गोलीबारी में कुकी स्वयंसेवकों के तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। मारे गए लोगों की पहचान जामखोगिन हाओकिप (26), थांगखोकाई हाओकिप (35) और होलेनसोन बाइते (24) के रूप में हुई है।

मैतई समुदाय कर रहा है जनजातीय आरक्षण की मांग

बता दें कि मणिपुर में बहुसंख्यक मैतई समुदाय जनजातीय आरक्षण देने की मांग कर रहा है। इसकी वजह ये है कि मैतई समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है लेकिन ये लोग राज्य के सिर्फ 10 प्रतिशत मैदानी इलाके में रहते हैं। वहीं कुकी और नगा समुदाय राज्य के पहाड़ी इलाकों में रहते हैं जो कि राज्य का करीब 90 फीसदी है। 

सीबीआई ने शुरू की जांच, 53 अफसरों की टीम बनाई

वहीं केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने मणिपुर हिंसा की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए 53 अफसरों की टीम बनाई गई है, जिसमें 29 महिला अफसरों को शामिल किया गया है। सीबीआई की टीम में तीन डीआईजी लवली कटियार, निर्मला देवी और मोहित गुप्ता और सुपरीटेंडेंट ऑफ पुलिस राजवीर सिंह भी शामिल हैं। ये अधिकारी सीबीआई के जॉइंट डायरेक्टर घनश्याम उपाध्याय को अपनी रिपोर्ट देंगे।

janjaagrukta.com