भाजपा के कार्यक्रम में कई राउंड फायरिंग
बिहार के मधेपुरा में मारपीट के बाद गोलीबारी में एक व्यक्ति को गोली लगी है।
मधेपुरा, जनजागरुकता डेस्क। बिहार के मधेपुरा में भाजपा के एक कार्यक्रम में दो गुट आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। इस बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति को गोली लगी है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल व्यक्ति के बारे में बताया जा रहा है कि वो बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद का रिश्तेदार है। झड़प और गोलीबारी खबर लगते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। छानबीन की जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मधेपुरा के मुरलीगंज गोल बाजार स्थित भगत धर्मशाला में हुई। जहां रविवार को भाजपा का कार्यक्रम हो रहा था। इस कार्यक्रम के दौरान दो गुट लड़ने लगे। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। बीच-बचाव करने आए भाजपा जिलाध्यक्ष को पीटा गया। मौके पर पहुंची पुलिस की भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प भी हुई। पुलिस के मुताबिक रुपए के लेन-देन के विवाद में गोली चली है। कार्यक्रम के बारे में बताया गया कि मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत बीजेपी की ओर से प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया।
भाजपा नेता पंकज और संजय के बीच कहासुनी
कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता पंकज कुमार निराला उर्फ पंकज पटेल पहले मंच पर आए। इसी दौरान भाजपा नेता संजय कुमार भगत से पंकज की कहासुनी हो गई। पंकज ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली संजय कुमार भगत की कमर में लगी। घायल पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के रिश्तेदार हैं। जिन्हें मुरलीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।