स्टार अलंकरण : वन क्षेत्रपाल के पदोन्नत 58 अधिकारियों का वन मंत्री अकबर ने किया सम्मान
वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने समारोह में कहा विगत वर्षों के दौरान विभाग के साथ ही यहां कार्यरत अमले के हित में भी अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
![स्टार अलंकरण : वन क्षेत्रपाल के पदोन्नत 58 अधिकारियों का वन मंत्री अकबर ने किया सम्मान](https://janjaagrukta.com/uploads/images/202309/image_750x_6512e72962773.jpg)
रायपुर, जनजागरुकता। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने मंगलवार को राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित स्टार अंलकरण कार्यक्रम में उप वन क्षेत्रपाल से वन क्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नत 58 अधिकारियों को अलंकृत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान वन मंत्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ वन सम्पदा के मामले में एक समृद्ध राज्य है। वनों के संरक्षण तथा संवर्धन और विकास में विभाग और इसके अमले का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसके मद्देनजर हमारी सरकार द्वारा राज्य में विगत वर्षों के दौरान विभाग के साथ ही यहां कार्यरत अमले के हित में भी अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों के पदोन्नति आदि कार्य नियमित क्रम में लगातार हो रहे है। इस तरह सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर 9 पुरस्कारों से सम्मान
वन मंत्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वन विभाग में विगत वर्षों के दौरान सिर्फ वनों के संरक्षण तथा संवर्धन को ही बढ़ावा नहीं मिला है, बल्कि यहां वनवासियों की उन्नति की दिशा में भी निरंतर कार्य हो रहे है। यही वजह है कि विगत दो वर्षों से छत्तीसगढ़ लघु वनोपजों के संग्रहण तथा प्रसंस्करण आदि कार्यों में देश में लगातार अव्वल बना हुआ है। इसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर 09 पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया है।
पदोन्नत अधिकारियों को बधाई दी
कार्यक्रम को वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ ने भी संबोधित किया। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनूप विश्वास, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीमती संजीता गुप्ता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक कौशलेन्द्र कुमार, मुख्य वन संरक्षक राजू आगासिमनी, वनमंडलाधिकारी विष्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।