महाशिवरात्रि पर शिव बरात के दौरान बड़ा हादसा, करंट की चपेट में आने से 14 बच्चे झुलसे..
घटना की जानकारी मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है। यह क्यों हुआ, इसकी जांच करवाई जाएगी।
कोटा, जनजागरुकता डेस्क। राजस्थान के कोटा में महाशिवरात्रि के दिन बड़ा हादसा हो गया। शिव बारात के दौरान करंट लगने से 14 बच्चे झुलस गए। बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह हादसा 12:30 बजे का है।
जानकारी के मुताबिक, महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात का आयोजन किया गया था। बारात कोटा के प्रसिद्ध कुन्ही थर्मल चौराहे से शुरू हुआ। शिव बरात में कई बच्चे धार्मिक झंडे लेकर चल रहे थे। इस दौरान एक झंडा हाइटेंशन लाइन से टच हो गया। इससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। हाइटेंशन वायरल की चपेट में आने से 14 बच्चे झुलस गए। एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी बच्चों को एमबीबीएस अस्पताल ले जाया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया है। घायल बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
आईजी रविदत्त गौड़ ने बताया एक बच्चा 70 प्रतिशत और एक 50 प्रतिशत झुलस गया है। शेष बच्चे 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं। बच्चों की उम्र 9 से 16 साल बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है। यह क्यों हुआ, इसकी जांच करवाई जाएगी।