संभावित प्रत्याशियों की सूची पर भाजपा में बवाल, विरोध प्रदर्शन
अनाधिकृत सूची पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने वायरल संभावित सूची को अधिकृत सूची से इंकार करते हुए फर्जी करार दिया है।

रायपुर, जनजागरुकता। भाजपा की संभावित सूची वायरल होने के बाद से प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती ही जा रही है। रायपुर ग्रामीण, आरंग व धरसींवा के प्रत्याशी को लेकर जबरदस्त नाराजगी दिखाते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया है। हांलाकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने वायरल संभावित सूची को अधिकृत सूची से इंकार करते हुए फर्जी करार दिया है।
बावजूद इसके बीजेपी कार्यकर्ताओं की नाराजगी बढ़ती ही जा रही है। कार्यकर्ता वायरल हो रही संभावित सूची का जमकर विरोध कर रहे हैं। यह विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस सूची को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने सफाई देते हुए सूची को फर्जी करार दिया है।
भाजपा कार्यालय के सामने किया हंगामा
आरंग क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में डूमरतराई स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचकर जमकर हंगामा मचाते हुए विरोध प्रर्दशन किया। पार्टी के बड़े नेताओं से मिलने की जिद करने लगे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें थोपे हुए प्रत्याशी नहीं चाहिए। इस दौरान कुछ पदाधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता समझने को तैयार नहीं हैं। नाराज कार्यकर्ता आरंग से रायपुर तक पैदल मार्च कर डूमरतराई भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के सामने वे जमीन पर ही बैठकर विरोध करते हुए नारेबाजी करते रहे।
धर्म गुरु बालदास साहेब के बेटे का विरोध
इधर कार्यकर्ता सतनामी समाज के धर्म गुरु बालदास साहेब के बेटे गुरु खुशवंत साहेब को आरंग विधानसभा सीट से टिकट दिए जाने की चर्चा को लेकर जबरदस्त नाराज हैं। भाजपा कार्यालय में विरोध के साथ नाराजगी जाहिर की गई। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस नेता ने मंत्री शिवकुमार डहरिया के खिलाफ लगातार जमीन पर काम किया है। धरना प्रदर्शन कर जनहित के मुद्दे उठाए हैं उनके बारे में सोचना चाहिए। पार्टी के लिए संघर्ष हम लोग करें और खीर कोई दूसरा खाए, यह संभव नहीं है।
जमीनी कार्यकर्ता को टिकट दें
कार्यकर्ताओं की मांग है कि पार्टी को चाहिए कि जमीनी कार्यकर्ता को टिकट दे। हम किसी व्यक्ति विशेष की मांग को लेकर नहीं आए हैं। हम गुरु खुशवंत का सम्मान करते हैं। उन्हें पार्टी में आए अभी 15 दिन हुए हैं और ऐसे में उन्हें पार्टी प्रत्याशी के रूप में उतारने की चर्चा सही नहीं है। पार्टी किसी को टिकट दे तो हम उसे जिताएंगे, लेकिन थोपे हुए प्रत्याशी नहीं चाहिए।
एक्टर अनुज शर्मा के विरोध में जलाया पुतला
इसी तरह धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के संभावित भाजपा प्रत्याशी छत्तीसगढ़ी एक्टर अनुज शर्मा को टिकट दिए जाने की चर्चा पर भी क्षेत्र के लोगों ने जमकर विरोध किया है। इतना ही नहीं एक्टर का पुलता जलाकर विरोध जताया। बाहरी भगाओ, धरसींवा बचाओ के नारे भी लगाए गए। क्षेत्र में टिकट की दौड़ में कई नेता हैं।
रायपुर ग्रामीण में मोतीलाल साहू का विरोध
रायपुर ग्रामीण से संभावित भाजपा प्रत्याशी मोती लाल साहू का उत्तर भारतीय समाज ने जमकर विरोध किया है। लोगों ने भाजपा नेता रविंद्र सिंह को टिकट दिए जाने की मांग कर रहे हैं। कुछ समय पहले रविंद्र सिंह ने एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व सीएम रमन सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। वो रायपुर ग्रामीण विधानसभा में लगातार सक्रिय हैं।
पहली सूची का भी विरोध कर रहे कार्यकर्ता
भाजपा 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। दावा है कि इसमें कमजोर सीटों वाले प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा गया है ताकि उन्हें प्रचार-प्रसार करने का भरपूर समय मिल सके। लेकिन पहली लिस्ट में भी कई नए चेहरों को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो चुका है। दूसरी ओर बीजेपी की दूसरी लिस्ट जारी नहीं हुई है, लेकिन संभावित सूची के वायरल होने के बाद से पार्टी कार्यकर्ताओं में कोहराम मचा हुआ है।