PM Kisan Samman Nidhi की राशि से 25.95 लाख किसानों को मिला लाभ, CM Sai ने किसानों को दी बधाई

सीएम साय ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांवों का विकास और शहरी अर्थव्यवस्था का सशक्तीकरण संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने में किसानों की भूमिका सबसे अहम है।

PM Kisan Samman Nidhi की राशि से 25.95 लाख किसानों को मिला लाभ, CM Sai ने किसानों को दी बधाई
PM Kisan Samman Nidhi की राशि से 25.95 लाख किसानों को मिला लाभ, CM Sai ने किसानों को दी बधाई

छत्तीसगढ़, जनजागरुकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9.8 करोड़ किसानों के खातों में कुल 22,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। इसमें छत्तीसगढ़ के 25 लाख 95 हजार 832 किसानों को शामिल किया गया, जिनके खातों में कुल 599 करोड़ 38 लाख रुपये भेजे गए।

इस कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी जुड़े। उन्होंने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को बधाई दी और सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री साय का किसानों के प्रति सम्मान

मुख्यमंत्री साय ने कहा, "अन्नदाताओं का सम्मान, माँ अन्नपूर्णा के सम्मान के समान है।" उन्होंने बताया कि पिछले 14 महीनों में किसानों के खातों में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिले हैं और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।

सीएम साय ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांवों का विकास और शहरी अर्थव्यवस्था का सशक्तीकरण संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने में किसानों की भूमिका सबसे अहम है।

अब तक किसानों को मिली यह सहायता

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेश के किसानों को 9,712 करोड़ 58 लाख रुपये की सम्मान निधि वितरित की जा चुकी है। इस वर्ष, पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 2 लाख 75 हजार ज्यादा किसानों को योजना का लाभ मिला है। इसमें 2 लाख 34 हजार वन पट्टा धारक किसान और 32,500 विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भी शामिल हैं।

सरकार ने विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता में भी छूट दी है, जिससे इन वर्गों के किसानों को भी इस योजना का लाभ मिल सके।

धान खरीदी और बोनस पर सरकार की बड़ी पहल

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए वादे के अनुसार किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की गारंटी दी गई थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है।

इसके अलावा, किसानों को पिछला दो साल का बकाया बोनस भी दिया गया है। सरकार ने शपथ ग्रहण के पंद्रह दिनों के भीतर ही 13 लाख किसानों के खातों में 3,716 करोड़ रुपये की बोनस राशि जारी कर दी थी।

पिछले खरीफ सीजन में सरकार ने 145 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की थी, जिससे किसानों को 49,000 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस बार 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है, और इस सीजन में किसानों के खातों में 52,000 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है।

किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसके तहत उद्यानिकी फसलों, फसल विविधीकरण, और पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

एनडीडीबी के साथ एमओयू साइन कर दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे राज्य दुग्ध क्रांति की ओर अग्रसर हो रहा है।

सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को 10-10 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।

कृषि मंत्री नेताम ने भी किसानों को किया संबोधित

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वनोषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति गिरीश चंदेल, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार और कृषि विभाग के संचालक डॉ. सारांश मित्तर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।janjaagrukta.com