Donald Trump का बड़ा कदम: अमेरिका ने यूक्रेन की सभी सैन्य सहायता पर लगाई रोक ; अब क्या फैसला लेंगे राष्ट्रपति जेलेंस्की?
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हाल ही में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की अमेरिका दौरे पर गए थे। 28 फरवरी को व्हाइट हाउस में उनकी डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच 10 मिनट तक गर्मागर्म बहस चली।

अंतराष्ट्रीय, जनजागरुकता डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता पर रोक लगाने का अहम निर्णय लिया है। यह फैसला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ हुई तीखी बहस के बाद लिया गया। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह सहायता तब तक बहाल नहीं की जाएगी जब तक ट्रम्प को यह भरोसा नहीं हो जाता कि जेलेंस्की वास्तव में शांति चाहते हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हाल ही में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की अमेरिका दौरे पर गए थे। 28 फरवरी को व्हाइट हाउस में उनकी डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच 10 मिनट तक गर्मागर्म बहस चली।
इस बहस के बाद जेलेंस्की को व्हाइट हाउस से बाहर भेज दिया गया। इसके तीन दिन बाद ट्रम्प ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता पर रोक लगाने का बड़ा फैसला लिया। इस फैसले से कुछ घंटे पहले ही ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जेलेंस्की अमेरिका के समर्थन के चलते शांति नहीं चाहते। ट्रम्प के अनुसार, यह जेलेंस्की की ओर से सबसे गलत बयानबाजी है, जिसे अमेरिका बर्दाश्त नहीं करेगा। हालांकि, अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सहायता स्थायी रूप से नहीं रोकी गई है। अमेरिका की सैन्य मदद रुकने से जेलेंस्की को बड़ा झटका लगा है। अब उनकी उम्मीदें पूरी तरह से यूरोपीय देशों पर टिकी हैं। ब्रिटेन की अगुवाई में लंदन में हुई यूरोपीय देशों की आपात बैठक में यूक्रेन की मदद जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई गई है। ट्रम्प के इस फैसले से यूक्रेन की सैन्य क्षमता पर बड़ा असर पड़ेगा। करीब एक अरब डॉलर (8.7 हजार करोड़ रुपये) की सैन्य सहायता पर रोक लगने से हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई भी प्रभावित होगी। इसके अलावा, यूक्रेन को अमेरिकी रक्षा कंपनियों से सीधे सैन्य उपकरण खरीदने की योजना भी प्रभावित हो सकती है।janjaagrukta.com