Weather : प्रदेश में बढ़ते तापमान से ठंड हुई कमजोर, अगले 3 दिनों में फिर गिरेगा पारा
मौसम विभाग ने जानकारी दी।

रायपुर, जनजागरुकता। सोमवार को रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में सामान्य से 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी रही। जिसके कारण ठंड कम होने लगी है, हालांकि ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों में ठंड लगातार बनी हुई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अगले 3 दिनों में मौसम बदल सकता है और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। उसके बाद अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
सोमवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की तेज धूप का असर अब पड़ने लगा है और फरवरी के पहले सप्ताह में गर्मी थोड़ी बढ़ी है। इसके चलते घरों के साथ ही कार्यालयों में भी पंखे चलने लगे है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से प्रदेश में नमी युक्त हवाएं आ रही है। इसके चलते मंगलवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। फरवरी के पहले सप्ताह से ही अब लोगों के घरों व कार्यालयों में पंखे चलने शुरू हो गए है।