Tirupati Temple Stampede: राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख..
बता दें तिरुपति बालाजी में मची भगदड़ मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सहित तमाम नेताओं ने दुख जताया हैं।

तिरुपति, जनजागरुकता डेस्क। तिरुपति बालाजी (Tirupati Balaji) में मची भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं इस घटना में 40 श्रद्धालु घायल हो गए। इस घटना पर भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), और आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) ने दुख जताया हैं।
प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स पोस्ट में लिखा, ‘आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।’
राष्ट्रपति मुर्मू (Draupadi Murmu) ने कहा, तिरुपति में भगदड़ में लोगों की जान जाने की खबर से व्यथित हूं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने कहा कि, वह तिरुपति में भगदड़ के कारण श्रद्धालुओं की मौत की खबर सुनकर व्यथित हैं और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द ठीक होने की भी कामना की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) ने भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों को दिए जा रहे इलाज के बारे में अधिकारियों से फोन पर बात भी की। उन्होंने उच्च अधिकारियों को घटना स्थल पर जाकर राहत उपाय करने का आदेश दिया है ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके। सीएम नायडू हादसे पर लगातार नजर रख रहे हैं। वह आज सुबह करीब साढ़े 11 बजे पीड़ित परिवार के सदस्यों से मिलेंगे।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए एक्स पर पोस्ट किया- ‘तिरुपति मंदिर में भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “तिरुपति में हुई दुखद भगदड़ अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह करता हूं।”