पुनीत सागर अभियान- एनसीसी-आर्मी का जीवन के लिए अमृत जल स्रोतों को बचाने की अपील
2500 कैडेट्स ने लोगों को अपनी भावी पीढ़ी को वाटर बॉडी, जल स्रोतों का महत्व बताते हुए उसे बचाने की अपील की।

रायपुर, जनजागरुकता। पुनीत सागर अभियान के तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के फेमस मरीन ड्राइव में स्वच्छ भारत के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नेशनल कैडेट कोर NCC के कैडेट्स और आर्मी के जवानों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति देकर अभियान की जानकारी दी। लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया गया।
2500 कैडेट्स ने लोगों को अपनी भावी पीढ़ी को वाटर बॉडी, जल स्रोतों का महत्व बताते हुए उसे बचाने की अपील की। जल ही जीवन है.. इस थीम को लेकर जल स्रोतों झील, जलाशयों, नदियों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं समुद्री किनारों, झीलों, नदियों और तालाबों को प्लास्टिक सहित अन्य कचरे से मुक्त करने अभियान में सहयोग की अपील की। कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्य रक्षा के लिए प्लास्टिक के उपयोग से बचने कहा। संगठन ने बताया इस अभियान से देशभर में उनके डेढ़ लाख कैडेट्स जुड़े हुए हैं।
75 तालाबों की प्लास्टिक कचरे से मुक्ति
नीत सागर अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को तालाबों, नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश दिया। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में आयोजित कार्यक्रम में पुनीत सागर अभियान से जुड़े एनसीसी कैडेट का सम्मान किया गया। इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने राज्य के 75 तालाबों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त किया गया है।
16 इकाइयां सालभर से चला रहीं अभियान
जानकारी दी गई कि स्वच्छ भारत मिशन का विस्तार करते हुए एनसीसी देशभर में नेक कार्य कर रहा है। राज्य में एनसीसी की 16 इकाइयां पिछले एक साल से पुनीत सागर अभियान के माध्यम से आमजनों को जल स्रोत बचाने प्रेरित कर रहे हैं। इसके तहत एनसीसी देशभर में समुद्री किनारों, बीचों, झीलों, नदियों और तालाबों को कचरामुक्त कर रहे हैं।
2400 किलो प्लास्टिक कचरा रिसाईक्लिंग के लिए भेजा
रायपुर छत्तीसगढ़ में एनसीसी के पूरे राज्य भर के लगभग 253 स्कूलों और 100 कॉलेजों में लगभग 18 हजार कैडेट्स हैं। रायपुर ग्रुप के एनसीसी कैडैटस् द्वारा अब तक छत्तीसगढ़ के 75 जल ईकाईयों को प्लास्टिक मुक्त बनाया गया है। कुल 2400 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र कर रिसाईक्लिंग के लिए भेजा गया है। स्थानीय आबादी के बीच जल निकायों की सफाई और संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने काम किया जा रहा है।
जागरूकता के लिए अनेक आयोजन
इस संबंध में एनसीसी ईकाईयों द्वारा स्थानीय आबादी, ग्राम पंचायत, नगर निगम और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पेन्टिंग प्रतियोगिता और हस्ताक्षर अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं।
इनकी रही उपस्थिति
सम्मान कार्यक्रम में विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, बृजमोहन अग्रवाल, श्रम विभाग के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल, मुख्य अतिथि में मेजर जनरल संजय शर्मा, (सेवानिवृत्त) पूर्व एडीजी, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़, ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, व्हीएसएम (सेवानिवृत्त), कर्नल विष्णु शिकरवार, कर्नल संतोष रावत, कर्नल राकेश बुधानी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
ग्रुप कमांडर ने दी गतिविधियों की जानकारी
आज के इस मेगा इंवेन्ट में रायपुर शहर के नागरिक, स्वयं सेवकों और एनजीओके साथ 8 सीजी गर्ल्स बटालियन, 27 सीजी बटालियन, 5 सीजी सीजीआई, 1 सीजी नेवल युनिट एवं 3 सीजी एयर स्क्वाड्रन के स्कूल और कॉलेजो के एनसीसी कैडेट ने भाग लिया।तेलीबांधा रायपुर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट द्वारा नुक्कड़ नाटक, पुनीत सागर गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत किये। इस अवसर पर स्थानीय छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील तिवारी ने भी प्रस्तुति दी। ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर विक्रम सिंह चौहान, वाईएसएम ने एनसीसी कैडेटों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में किये गये पुनीत सागर अभियान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस पर अभियान जारी
ब्रिगेडियर चौहान ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नशा मुक्ति अभियान, रक्तदान, मतदाता जागरूकता अभियान, पौधारोपण, शहीदों की मूर्तियों की सफाई और रख-रखाव, महिला सशक्तिकरण, वोकल फॉर लोकल और बैन प्लास्टिक ड्राईव जैसी सामाज सेवा और सामुदायिक विकास गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। इस पर छत्तीसगढ़ में एनसीसी द्वारा जोरदार तरीके से कार्य किया जा रहा है।