झारखंड में नक्सलियों का बड़ा हमला: आईईडी ब्लास्ट में CRPF के तीन जवान घायल, रांची रेफर

घायल जवानों में कंपनी कमांडर जी जे साई, एक ऑपरेटर और एक अन्य जवान शामिल हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची भेजने के लिए हेलीकॉप्टर मंगवाया गया।

झारखंड में नक्सलियों का बड़ा हमला: आईईडी ब्लास्ट में CRPF के तीन जवान घायल, रांची रेफर
झारखंड में नक्सलियों का बड़ा हमला: आईईडी ब्लास्ट में CRPF के तीन जवान घायल, रांची रेफर

झारखंड, जनजागरुकता डेस्क। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा हुआ। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा जंगल में नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी विस्फोटक में धमाका हो गया, जिससे CRPF की 197 बटालियन के तीन जवान घायल हो गए।

घायल जवानों में कंपनी कमांडर जी जे साई, एक ऑपरेटर और एक अन्य जवान शामिल हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची भेजने के लिए हेलीकॉप्टर मंगवाया गया।

नक्सलियों के खिलाफ चल रहा ऑपरेशन

झारखंड पुलिस, CRPF और कोबरा बटालियन मिलकर सारंडा और कोल्हान क्षेत्र से नक्सलियों का सफाया करने के लिए अभियान चला रही हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने कई नक्सली डंप और आईईडी विस्फोटकों को नष्ट किया।

हालांकि, इस कार्रवाई से बौखलाए नक्सली लगातार सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं।

नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

इस बीच, पुलिस और CRPF की टीम को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में एक नक्सली ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक बरामद हुए हैं।

बरामद सामग्री में शामिल हैं:

एक देशी पिस्तौल, दो देशी कार्बाइन, एक बोल्ट एक्शन राइफल

13 राउंड .303 बोर की गोली, 8 राउंड 7.62 एमएम गोली

10 किलो के दो तैयार केन आईईडी, 58 डेटोनेटर, 5 बंडल कार्डेक्स वायर

तीन वॉकी-टॉकी सेट, 6 नक्सली वर्दी के कपड़े, दो नक्सली बैनर

95 स्पाइक रॉड और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं

नक्सल संगठन के शीर्ष नेता सक्रिय

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के अनुसार, माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं।

इस खतरे को देखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और CRPF की टीमों द्वारा संयुक्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कई ठिकानों पर छापेमारी कर उनके हथियार और गोला-बारूद को नष्ट किया। फिलहाल, पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।janjaagrukta.com