मूणत के विकास ढ़ूंढ़ो अभियान से बौखलाए कांग्रेस विधायक ने किया प्रदर्शन
विधायक विकास उपाध्याय ने कहा दृष्टिहीन के शिकार हो चुके हैं भाजपा नेता। उन्होंने बताया देखो ये है आमापारा इंग्लिश स्कूल का विकास, ढ़ूढ़ने की जरूरत नहीं है।

रायपुर, जनजागरुकता। विधानसभा चुनाव के करीब आते ही सियासत गर्मा गई है।भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। रायपुर पश्चिम विधानसभा के भाजपा के दावेदार राजेश मूणत ने वर्तमान विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मेटाडोर में दूरबीन लेकर विकास ढूंढ़ने निकल पड़े हैं, लेकिन उन्हें कहीं पर विकास नहीं दिखाई दिया।
इधर रायपुर पश्चिम विधानसभा में दूरबीन से विकास ढूंढो अभियान से बौखलाए कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा नेता मूणत के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विकास दिखाने आमापारा बाजार के आरडी तिवारी स्कूल परिसर के आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पहुंच गए। यहां पर मूणत के खिलाफ प्रदर्शन किया और उन्हें दृष्टिहीन करार दिया।
भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर पश्चिम विधानसभा में दूरबीन से विकास ढूंढो अभियान की शुरुआत की है। राजेश मूणत समेत बीजेपी के कार्यकर्ता रायपुर के सभी दिशाओं में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को ढूंढने निकले। यह अभियान पूरे रायपुर पश्चिम विधानसभा में चलाया गया। इस दौरान राजेश मूणत के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दूरबीन लेकर रायपुर पश्चिम का भ्रमण करते हुए 'अउ नहीं सहिबो, बदल के रहिबो' के नारे भी लगाए।
विकास के लिए दूरबीन की जरूरत नहीं है- विकास उपाध्याय
इधर कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि 15 साल सत्ता में रहते हुए भाजपा ने विकास तो किए नहीं अब कांग्रेस में हुए विकास को ढ़ूढ़ने निकले हुए हैं। आमापारा बाजार के सामने करोड़ों की लागत में बने आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल अगर आपके शासन काल की बनी हो तो बता दें। भाजपा नेता मूणत अपनी आंख खोलकर देख ले इसके लिए दूरबीन की जरूरत नहीं है। अगर आपको दूरबीन की जरूरत है तो भाजपा नेताओं को दृष्टिपात हो चुका है।